प्रसूता की मौत पर परिजनों का कलेक्ट्रेट में हंगामा


डॉक्टरों पर लापरवाही व अवैध वसूली के आरोप, कार्रवाई की मांग

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत के बाद शनिवार को मृतका के परिजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और स्टाफ पर इलाज में घोर लापरवाही, अवैध वसूली और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजन डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े रहे।
मृतका के ससुर अखिलेश शुक्ला ने बताया कि दो अक्टूबर को छुट्टी के दिन उनकी बहू सीमा को पेट दर्द और ब्लीडिंग की शिकायत होने पर आशा के कहने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की बात कही। आरोप है कि रात करीब साढ़े सात बजे भर्ती करने के नाम पर डॉक्टर अंजलि ने बेहतर इलाज के लिए 10 हजार रुपये मांगे, जिसमें आठ हजार रुपये ले लिए गए।
परिजनों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे ऑपरेशन के बाद बच्ची का जन्म हुआ। इसके बाद रात करीब 2:30 से 2:45 बजे तक परिजनों को मरीज से मिलने नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि जब वे जबरन अंदर पहुंचे तो डॉक्टर सिलाई कर रहे थे। पूरी रात मरीज की हालत के संबंध में परिजनों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों का आरोप है कि सुबह डॉक्टरों ने वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए मरीज को ले जाने के लिए कहा। इस दौरान डॉक्टरों द्वारा कथित तौर पर कहा गया कि बगल वाला मरीज मर जाए तो बेड खाली हो। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया गया और उनका मोबाइल भी छीन लिया गया।
इसके बाद प्रसूता को कानपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रसूता का शव लेकर परिजन शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों व स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
सूचना पर पहुंचे एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने परिजनों से बातचीत कर उनकी तहरीर ली। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजन मामले में दोषी डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।

More From Author

सीवर परियोजना में मानकों पर सवाल, खुदाई के बाद सड़कें बदहाल

प्रसूता की मौत पर परिजनों का कलेक्ट्रेट में हंगामा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *