पेट परीक्षा के प्रस्तावित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर डीम एसपी ने देखी व्यवस्थाएं 

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। 25 अक्टू. से आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने  प्रस्तावित परीक्षा केंद्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज दानियालपुर का स्थलीय निरीक्षण कर मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्य को परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कक्षाओं में फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, शौचालय, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान खिड़कियों के शीशे एवं जालियां टूटी हुई पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि इन्हें शीघ्र ठीक कराते हुए दीवार घड़ियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु आवश्यकतानुसार वाटर कैंपर की व्यवस्था करने तथा सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परीक्षा को सुगमता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, क्लॉक रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एक सप्ताह के भीतर पुनः निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि परिसर में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के उद्देश्य से रिचार्ज पिट का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए जिससे जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक  राकेश कुमार,कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More From Author

सीपीएस में आस्था,संस्कृति और नारी शक्ति की सजी शाम नवरात्रि उत्सव एवं डांडिया रास की रही धूम

सरकारी तालाब व घूर के गड्ढों में लेखपाल की मिली भगत से हो रहा कब्जा, डीएम तक पहुंची शिकायत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *