सवाल तो पूछेंगे❓
👉शराबी पतियों में बढ़ा खौफ! दो घटनाओं के बाद घर लौटने से डरने लगे पियक्कड़!!
👉पत्नी के हमलों की घटनाओं ने बढ़ाई दहशत, एक की मौत, दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा है!!
फतेहपुर। जनपद में हाल के दिनों में सामने आई दो सनसनीखेज घटनाओं ने शराब पीकर घर लौटने वाले पियक्कड़ों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। एक मामले में पत्नी द्वारा पति को जिंदा जलाने के बाद उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में पत्नी ने पति को चारपाई से बांधकर मारपीट की और करंट लगाकर जान लेने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल पति का इलाज कानपुर में चल रहा है।
मालवा थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में एक महिला ने अपने पति पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। बताया गया कि पति शराब के नशे में आए दिन पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। लंबे समय से घरेलू हिंसा से परेशान पत्नी ने यह कदम उठाया। घटना में पति की मौत हो गई।
वहीं औंग थाना क्षेत्र में एक अन्य घटना में शराबी पति से तंग आ चुकी पत्नी ने उसे चारपाई से बांधकर पीटा और बिजली का करंट लगाकर मारने का प्रयास किया। गंभीर हालत में घायल पति को पुलिस ने कानपुर रेफर कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
इन दोनों घटनाओं के बाद जिले में शराब पीकर घर लौटने वाले पियक्कड़ों के बीच बेचैनी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के कारण परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं और घरेलू हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया और अन्य राज्यों में पत्नियों द्वारा पतियों पर हमले की खबरों ने भी लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा किया है।
सामाजिक जानकारों का मानना है कि शराब न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पारिवारिक रिश्तों को भी कमजोर करती है। लगातार नशे और घरेलू हिंसा की घटनाएं कई बार गंभीर अपराध का रूप ले लेती हैं।
जनपद में बढ़ती ऐसी घटनाओं के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि शराब परिवार में अशांति, हिंसा और जान-माल के नुकसान का कारण बन रही है, तो इससे दूर रहने की आवश्यकता है।
✍️ नागेंद्र सिंह अध्यक्ष फतेहपुर प्रेस क्लब
