गूढ़ेश्वर मंदिर के पास पुलिस मुठभेड़, शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल, साथी फरार
फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के गूढ़ेश्वर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लूट और चोरी की वारदातों में वांछित एक शातिर बदमाश को गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त धर्मेंद्र पुत्र विशालू, निवासी कंजरन डेरा मजरा नोनारा, थाना जहानाबाद, के बाएं पैर में गोली लगी। उसका साथी गोलू पुत्र विनोद, निवासी कंचनपुर थाना बिंदकी, मौके से फरार हो गया।घायल अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की घटनाओं से संबंधित 3,400 रुपये नकद तथा एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेंद्र के खिलाफ जनपद एवं अन्य जिलों के विभिन्न थानों में 10 से अधिक लूट, चोरी एवं अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार अभियुक्त गोलू के विरुद्ध भी 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
थाना चांदपुर पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
