मिशन-300 अभियान के तहत 240 तालाबों के पुनर्जीवन का कार्य तेज, डीएम ने किया निरीक्षण

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जनपद में जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधारने के उद्देश्य से संचालित मिशन-300 अभियान के तहत तालाबों के पुनर्जीवन का कार्य तेजी से चल रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के 240 तालाबों पर खुदाई एवं पुनर्जीवन का कार्य प्रगति पर है। सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने विकासखंड ऐरायां की ग्राम पंचायत बुधवन पहुंचकर तालाब पुनर्जीवन एवं खुदाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब की और अधिक गहराई तक खुदाई कराई जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने तालाब के चारों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिए। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और जल स्रोतों का दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित होगा। साथ ही पशु के लिए भी पानी की उपलब्धता बनी रहेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मिशन-300 अभियान के तहत जनपद में 240 तालाबों के पुनर्जीवन एवं खुदाई का कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। इन कार्यों से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और भारत सरकार के कैच द रेन (Catch the Rain) अभियान के उद्देश्यों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण होने से भूजल स्तर में सुधार होगा, जिसका सीधा लाभ किसानों और आमजन को मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने गांव के दो अन्य तालाबों के पुनर्जीवन की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि तालाबों पर अतिक्रमण है तो उसे तत्काल हटाकर पुनर्जीवन की कार्रवाई शुरू की जाए, जिससे गांव में जल संरक्षण की व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं तथा प्रत्येक तालाब को स्थानीय जनसहभागिता के माध्यम से संरक्षित एवं उपयोगी बनाया जाए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी खागा, नायब तहसीलदार, डीसी मनरेगा जीरामजी, राजस्व निरीक्षक, राजस्व लेखपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

More From Author

मिशन-300 अभियान के तहत 240 तालाबों के पुनर्जीवन का कार्य तेज, डीएम ने किया निरीक्षण

गूढ़ेश्वर मंदिर के पास पुलिस मुठभेड़, शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल, साथी फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *