209 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से लिए सात फेरे, दो जोड़ों का हुआ निकाह
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 14 अक्टूबर बुधवार को असोथर विकासखंड स्थित अस्थामा मंदिर सर्वोदय इंटर कॉलेज परिसर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें कुल 211 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 209 जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया, जबकि दो अल्पसंख्यक जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।
समारोह में असोथर विकासखंड के 50, बहुआ के 35, हसवा के 69, नगर पंचायत बहुआ के दो, नगर पंचायत असोथर के आठ और नगर पालिका परिषद फतेहपुर के 47 जोड़े शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से निर्धारित वैवाहिक उपहार सामग्री वितरित की गई। इसमें वधू के लिए साड़ी, चुनरी, वैनिटी किट व चूड़ियां तथा वर-वधू के उपयोग की घरेलू सामग्री शामिल रही। उपहारों में डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, गद्दे, तकिए, कंबल और अन्य आवश्यक सामान के साथ मिठाई व ड्राई फ्रूट भी दिए गए।
कार्यक्रम में विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, नगर पंचायत असोथर अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर, जिला सहकारी बैंक के निदेशक अनिल राज गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आपसी प्रेम, सहयोग और विश्वास के साथ जीवन बिताने तथा सुख-दुःख में एक-दूसरे का साथ निभाने का संदेश दिया।
