फतेहपुर में 2027 की चुनावी हलचल तेज, पुराने चेहरों पर भरोसा या नए दावेदारों को मौका?

फतेहपुर(वंदना टाईम्स)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही फतेहपुर की राजनीति में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है। चुनाव में अभी समय है और किसी भी दल ने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं, लेकिन संभावित दावेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। खासकर भाजपा में नए चेहरों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं तेज हैं। फतेहपुर जनपद में छह विधानसभा सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन ने चार सीटों—जहानाबाद, बिंदकी, अयाह शाह और खागा—पर जीत दर्ज की थी, जबकि फतेहपुर सदर और हुसैनगंज सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की थी। वर्ष 2017 में भाजपा गठबंधन ने जिले की सभी छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसी प्रदर्शन को दोहराने की रणनीति को लेकर आगामी चुनाव में भाजपा की संभावित तैयारियों पर चर्चा शुरू हो गई है। चुनावी घोषणा भले अभी दूर हो, लेकिन संभावित दावेदारों की गतिविधियां चुनावी रंग लेने लगी हैं। कई कार्यकर्ता क्षेत्र में जनसंपर्क, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और प्रचार सामग्री के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार कुछ नए कार्यकर्ता भी टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुके कार्यकर्ताओं के साथ हाल के वर्षों में सक्रिय हुए चेहरे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व आगामी चुनाव में किन चेहरों पर भरोसा जताएगा।स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक बिंदकी, जहानाबाद और हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुछ नए चेहरे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। फतेहपुर सदर सीट पर भी संभावित दावेदारों की सक्रियता को लेकर चर्चाएं हैं। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र में भी टिकट को लेकर अलग-अलग स्तर पर दावेदारी की बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर मतदाताओं के बीच एक वर्ग की नाराजगी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं। यह वर्ग भाजपा का परंपरागत मतदाता है ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आगामी चुनाव में पार्टी मौजूदा समीकरणों को बरकरार रखती है या नए चेहरो के जरिए कोई नया प्रयोग करती है। भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 में पार्टी पुराने चेहरों पर भरोसा कायम रखेगी या नए कार्यकर्ताओं को मौका देगी। एक तीसरी संभावना भी चर्चा में है कि नए और पुराने चेहरों के संतुलन के साथ चुनावी मैदान तैयार किया जाए। फिलहाल दावेदार अपने-अपने स्तर पर सक्रिय हैं और कई कार्यकर्ता खुद को संभावित प्रत्याशी के तौर पर जनता के बीच स्थापित करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के हाथ में होगा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 2027 के चुनावी रण में फतेहपुर में भाजपा पुराने चेहरों पर भरोसा जताती है, नए चेहरों को मौका देती है या फिर नए-पुराने चेहरों के संतुलन के साथ चुनावी मैदान में उतरती है।

More From Author

कलेक्ट्रेट परिसर में युवक ने डीजल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *