फतेहपुर। सदर कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के चर्चित मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी सूदखोर अभियुक्त राहुल श्रीवास्तव को वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सूदखोरों के दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर एक ही परिवार के तीन लोगों ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद घर में मां-बेटे और चाचा के शव पड़े मिले थे, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतकों द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में पांच लोगों के नाम लिखे गए थे, जिन पर प्रताड़ना और सूदखोरी का आरोप लगाया गया था। मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य फरार आरोपी राहुल श्रीवास्तव की तलाश लगातार जारी थी।
सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
