एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे प्रगणक
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जनगणना-2027 के संबंध में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सीडीओ और प्रशिक्षकों ने जनगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है, ताकि आमजन को पूरी प्रक्रिया की जानकारी मिल सके और जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। जनगणना से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 तथा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855 की जानकारी भी दी गई।
