नकल रोकने के लिए मुख्य द्वार पर होगी सघन जांच, केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने पर रहेगी रोक
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षार्थियों के प्रवेश और तलाशी प्रक्रिया का जायजा लिया। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। वहीं एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और ड्यूटी व्यवस्था परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाए और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। साथ ही यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और अभ्यर्थियों का आवागमन सुगम बनाने पर जोर दिया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। नकल अथवा अन्य अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है।
