ग्राम प्रधान पर जमीन में पोल लगवाने और धमकी देने का आरोप, डीएम से की शिकायत

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बरसात में पुराना मकान ढहने के बाद नया आशियाना बनाने की उम्मीद लगाए बुजुर्ग मोहम्मद शब्बीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिजली की बल्ली और केबल को लेकर विवाद के चलते उनके मकान की छत का निर्माण डेढ़ महीने से रुका हुआ है। पीड़ित ने ग्राम प्रधान पर जबरन उनकी जमीन पर बिजली का पोल लगवाने का प्रयास करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बे के मोहल्ला मुतवल्लियाना का है। मोहम्मद शब्बीर के मुताबिक, बरसात में उनका पुराना मकान ध्वस्त हो गया था, जिसके बाद उन्होंने नया मकान बनवाना शुरू किया। छत डालने की तैयारी के दौरान दीवार के पास लगी बिजली की बल्ली और केबल बाधा बन गई। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ और पिछले डेढ़ महीने से छत पर शटरिंग लगी हुई है, लेकिन निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश के चलते ग्राम प्रधान उनकी जमीन पर बिजली का पोल लगवाने का प्रयास कर रहे हैं।विरोध करने पर गाली-गलौज, जानमाल की धमकी देने और महिलाओं के जरिए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी दावा किया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विद्युत विभाग के माध्यम से नियमानुसार समस्या का समाधान कराने, मकान का निर्माण शुरू करवाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है।

More From Author

AIMIM ने दो मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

राकेश टिकैत ने भरी हुंकार, बोले- एमएसपी गारंटी कानून लागू करे सरकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *