किसान महापंचायत में गरजे राकेश टिकैत, गन्ने का मूल्य 500 रुपये करने की मांग
एमएसपी गारंटी कानून लागू करने पर दिया जोर, सरकार पर लगाए चोरी के आरोप 2027 के चुनाव में धर्म और जाति के मुद्दे हावी होने की कही बात
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। नगर पंचायत असोथर स्थित मंडी समिति में भारतीय किसान यूनियन की किसान महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, गेहूं-धान की खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित कराने और देश में एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग उठाई। आयोजकों के मुताबिक, महापंचायत में करीब 10 हजार किसान, महिला कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। महापंचायत में पहुंचने से पहले राकेश टिकैत प्रताप नगर तिराहे से ट्रैक्टर चलाकर मंडी समिति पहुंचे। उनके आगमन पर किसानों और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। सभा में खाद-बीज की किल्लत और खेती की बढ़ती लागत का मुद्दा भी उठाया गया। टिकैत ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिलना चिंता का विषय है। यदि खेती घाटे का सौदा बनी रही और उपज का उचित मूल्य नहीं मिला, तो किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं। राकेश टिकैत ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मंदिर के चंदे से लेकर वोट और धान तक की चोरी हो रही है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को बचाने के लिए आंदोलन जरूरी है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। टिकैत ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में धर्म और जाति के मुद्दे हावी रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति की जा रही है और समाज में जाति-धर्म के आधार पर विभाजन बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए एमएसपी गारंटी कानून लागू करने पर जोर दिया। महापंचायत में संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, किसान नेता नरसिंह पटेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा, रामकिंकर अवस्थी, संरक्षक सोनू गौतम, अंशुमान सिंह चौहान और आदर्श सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को लाभकारी बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
