मूर्ति विसर्जन के दौरान दो हादसे, तीन की मौत, दो किशोर लापता

फतेहपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो हादसे, तीन किशोरों की मौत, गंगा में दो की तलाश जारी

खांभा तालाब में डूबने से तीन की गई जान, आलमपुर नरही में गंगा किनारे हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक हादसे सामने आए। खागा कोतवाली क्षेत्र के चक कटोघन (कुशियारीपुर) गांव में खांभा तालाब में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग सुरक्षित बच निकले। वहीं, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव के पास गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो किशोरों के डूबने की सूचना है। उनकी तलाश में पुलिस और गोताखोर जुटे हैं। खागा क्षेत्र के चक कटोघन गांव में तीन स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए थे। इनमें से दो मूर्तियों का विसर्जन नौबस्ता घाट पर किया गया, जबकि तीसरी मूर्ति गांव से करीब दो किलोमीटर दूर कटोघन और संसारपुर के बीच स्थित खांभा तालाब ले जाई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से पांच लोग डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय तैराकों ने बचाव कर सभी को बाहर निकाला और सीएचसी हरदो पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने अभिमन्यु यादव (16) पुत्र गोवर्धन यादव निवासी बैजूपुर मजरा कटोघन, आदित्य साहू (20) पुत्र राजू साहू और राजन साहू (18) पुत्र बबलू साहू निवासी चक कटोघन को मृत घोषित कर दिया। आदित्य और राजन चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे में यशवंत (50) और हर्ष (12) सुरक्षित बच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उधर, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव के समीप गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो किशोरों के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया गया कि नदी किनारे मूर्तियों के भू-विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई।
गजराज उर्फ गज्जू पुत्र पप्पू सेंगर, उम्र करीब 14 वर्ष। पुष्पेंद्र पुत्र कल्लू पाल, उम्र करीब 15 वर्ष।दोनों किशोर आलमपुर नरही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।

More From Author

11 एमएलसी सीटें जीतेंगे, 2027 में सपा का सफाया करेंगे – केशव मौर्य

एमएलसी चुनाव के लिए 25 पोलिंग पार्टियां रवाना, तीन रिजर्व में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *