11 एमएलसी सीटें जीतेंगे, 2027 में सपा का सफाया करेंगे – केशव मौर्य

प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटें जीतेंगे, 2027 में सपा का सूपड़ा साफ करेंगे, केशव मौर्य

प्रयागराज-झांसी स्नातक चुनाव के लिए भाजपा ने किया प्रबुद्धजन सम्मेलन, PDA और अखिलेश यादव पर साधा निशाना

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को फतेहपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर जीत हासिल करेगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ कर देगी। PDA घोषणापत्र को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए और उन्हें दलितों व पिछड़ों का हितैषी मानने से इनकार किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते कन्नौज में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का बोर्ड हटाया गया था।उन्होंने आरोप लगाया कि गाजियाबाद में बाबा साहब के चित्र वाले विग्रह को लेकर मोहम्मद आजम खां की टिप्पणी के समय अखिलेश यादव मंच पर हंस रहे थे। मौर्य ने कहा कि ऐसे लोग संविधान और सामाजिक न्याय की बात करके जनता को भ्रमित नहीं कर सकते।
उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने दुष्प्रचार के सहारे कुछ सीटें अधिक हासिल कर ली थीं जिससे सपा और कांग्रेस में अहंकार बढ़ गया था। हालांकि, उनके मुताबिक हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की राजनीतिक स्थिति मजबूत हुई है।राहुल गांधी के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि विदेशी शक्तियों के सहारे देश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रयागराज-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है और सरकारी नौकरियों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। मौर्य ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि राठौर लंबे समय से शिक्षकों और अधिवक्ताओं के बीच सक्रिय हैं तथा उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा। प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर ने भी उपस्थित लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, विधायक राजेंद्र पटेल, विकास गुप्ता और जय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री रणवेंन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिवक्ता, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

More From Author

तांबेश्वर मंदिर में स्थापित होगी 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा, भूमि पूजन संपन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *