बिंदकी में शराब ठेके के सेल्समैन की पीटकर हत्या, नकदी गायब

सोते समय सिर पर किया हमला, घटनास्थल से खून लगा डंडा बरामद, पुलिस जांच में जुटी

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव में गुरुवार देर रात देशी शराब ठेके के सेल्समैन सत्येंद्र सिंह (26) की पीटकर हत्या कर दी गई। वह ठेके के बाहर कैंटीन के पास खाट पर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। वारदात के बाद ठेके की बिक्री के करीब पांच से छह हजार रुपये गायब मिले हैं।
दुगरेई निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र कुंवर बहादुर सिंह उर्फ गुलाब सिंह गांव के देशी शराब ठेके पर सेल्समैन था। रात में गंभीर रूप से घायल मिलने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ बिंदकी और कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटनास्थल के पास तिरपाल में खून से सनी लकड़ी की डाली बरामद हुई है। ठेके के अभिलेखों की जांच में बिक्री की रकम में पांच से छह हजार रुपये का अंतर मिला। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।

More From Author

एमएलसी चुनाव के लिए 25 पोलिंग पार्टियां रवाना, तीन रिजर्व में

नहर की सुरक्षित भूमि पर चार दुकानें बनाने का आरोप, डीएम से शिकायत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *