राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान महापंचायत में पहुंचे, असोथर मंडी समिति का मुद्दा भी उठा
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत की ओर से जनपद में आयोजित महापंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान पहुंचे। किसानों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। महापंचायत में किसानों की समस्याओं, अधिकारों और मांगों को लेकर चर्चा हुई। साथ ही उनके हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान ने कहा कि संगठन की ओर से विभिन्न राजनीतिक दलों को किसानों की समस्याओं से जुड़ा 15 सूत्रीय मांगपत्र भेजा जाएगा। जो राजनीतिक दल संगठन की मांगों और शर्तों को स्वीकार करेगा, उसे समर्थन देने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखकर ही समर्थन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।महापंचायत में असोथर मंडी समिति से जुड़े मामले को भी उठाया गया। किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन ने आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही।
