उधार के 50 हजार रुपये मांगने पर किया हमला, दुकान से लूटे थे 1.41 लाख रुपये
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बिंदकी थाना क्षेत्र के दुगरई गांव में देशी शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूटने की वारदात का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार कर लूटे गए एक लाख 41 हजार रुपये, खून से सना लकड़ी का बोटा और वारदात के समय पहनी गई टीशर्ट बरामद की है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। दुगरई गांव निवासी 28 वर्षीय सतेंद्र सिंह चौहान देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन था। 23 अक्टूबर की रात वह दुकान के बाहर सो रहा था। इसी दौरान उसके सिर पर लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान दुकान का ताला खुला मिला और बिक्री की नकदी गायब थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी और बिंदकी थाने की टीम के साथ एसओ बकेवर को लगाया गया था। सीओ बिंदकी के नेतृत्व में पुलिस ने दुकान पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच में कृष्णा तिवारी का नाम सामने आया, जो मृतक के साथ अक्सर बैठकर शराब पीता और ताश खेलता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सतेंद्र से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। सतेंद्र बार-बार रकम वापस मांग रहा था। घटना वाली रात कृष्णा फिर उससे रुपये मांगने पहुंचा, लेकिन पुराने पैसे लौटाने तक सतेंद्र ने और रकम देने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद हो गया। आरोपी के मुताबिक, वह नशे में था और गुस्से में आकर पास में पड़ी पेड़ की सूखी डाली उठाकर सतेंद्र के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी की नजर मृतक के सिरहाने रखी दुकान की चाबी पर पड़ी। उसने चाबी से दुकान खोलकर बक्से में रखे एक लाख 41 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सफेद इलेक्ट्रिक ऑटो से नकदी लेकर हमीरपुर की ओर जा रहा है। इसके बाद टीम ने शहजादीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरी लूटी गई नकदी बरामद कर ली है। इसके अलावा खून के छींटों वाली टीशर्ट भी मिली है, जिसे फॉरेंसिक जांच और डीएनए मिलान के लिए भेजा जाएगा। वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का बोटा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में लूट के रुपए की बरामदगी कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
