फतेहपुर(वी.टी)। जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बड़नपुर गांव निवासी छह वर्षीय शिवांसी और पांच वर्षीय सुंदरम मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में बने खुले सेप्टिक टैंक के पास पहुंच गए और अचानक उसमें गिर गए। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। देर रात जब पड़ोसी के मकान की ओर तलाश की गई तो दोनों बच्चों के शव सेप्टिक टैंक में मिले। यह देखकर परिवार और गांव के लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन मकानों में खुले टैंकों और गड्ढों को ढकने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई ।
