रेलवे लाइन पर शव डालकर हादसा दिखाने की आशंका, पिता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पिता का आरोप है कि बेटे की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव रेलवे लाइन पर डाल दिया गया, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो। पीड़ित परिवार का कहना है कि थाना मलवां में तहरीर देने के बावजूद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरी सिंह का पुरवा, मजरे मवई निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र आयुष सिंह दो सितंबर की शाम करीब चार बजे घर से मवई चौराहे जाने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि आयुष का शव मलवां थाना क्षेत्र में कुर्स्ती कला और बुधईयापुर के बीच रेलवे लाइन के पास पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि उन्हें आशंका है कि अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की और घटना को हादसे का रूप देने के लिए शव रेलवे लाइन पर डाल दिया। पिता के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने थाना मलवां में तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इससे परिवार में रोष और असंतोष है।
मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आयुष की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
