जमीन कब्जे के विवाद में मारपीट, फायरिंग की आवाज से मचा हड़कंप
दोनों पक्षों के छह लोग हिरासत में, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा चौकी इलाके में नेशनल हाईवे किनारे साढ़े पांच बीघा पैतृक जमीन पर कब्जेदारी को लेकर बुधवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट के साथ फायरिंग की आवाज सुनाई देने से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर इसी को लेकर कहासुनी के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर समझौते का प्रयास किया। कुछ देर बाद वीरेंद्र सिंह पक्ष के कुछ युवक वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। वायरल वीडियो में हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें अलग कराने का प्रयास दिखाई दे रहा है। दूसरे वीडियो में फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दे रही है। हालांकि गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मारपीट में दो लोगों के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। अजय राज सिंह की ओर से दी गई शिकायत में अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी, दीपू पटेल समेत तीन अज्ञात लोगों पर पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और इसी दौरान फायरिंग हुई।लिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि भूमि विवाद से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। रंभिक जांच में एक पक्ष रिंकू लोहारी और दूसरा पक्ष वीरेंद्र सिंह का सामने आया है। पुलिस के मुताबिक वीरेंद्र सिंह की भूमि का कुछ हिस्सा उनके एक पारिवारिक सदस्य ने रिंकू लोहारी को बेचा था। इसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। एसपी के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। वायरल वीडियो में फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है, लेकिन गोली चलाने वाले व्यक्ति की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें रिंकू लोहारी और वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
