प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में फतेहपुर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
प्रयागराज मंडल की टीम को 22-0 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। गोरखपुर के सैयद मोदी स्टेडियम में 14 से 18 सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय फतेहपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में फतेहपुर की टीम ने प्रयागराज मंडल की टीम को एकतरफा मुकाबले में 22-0 से करारी शिकस्त दी।
फतेहपुर की टीम की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को एक भी अंक नहीं बनाने दिया। इस शानदार जीत के बाद टीम का सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार को गोरखपुर मंडल की टीम से होगा।
टीम में जनपद के विजयीपुर और ऐरायां कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राएं शामिल हैं। टीम का प्रतिनिधित्व कस्तूरबा गांधी विद्यालय के खेल शिक्षक भूपेंद्र सिंह एवं राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के व्यायाम प्रशिक्षक महेंद्र प्रताप सिंह कर रहे हैं।
टीम के शानदार प्रदर्शन पर मार्गदर्शक मृदुल शुक्ला, दिलीप सिंह एवं कस्तूरबा विद्यालय की खेल शिक्षिका सरोज देवी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टीम की इस जीत से जिले में खुशी का माहौल है और सेमीफाइनल में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
