15 हजार रुपये मजदूरी मांगने पर जान से मारने की धमकी, गौकशी में फंसाने का आरोप


पीड़ित हलवाई ने एसपी से लगाई गुहार, जांच कर कार्रवाई की मांग

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट निवासी एक गरीब हलवाई ने शादी समारोह की मजदूरी के 15 हजार रुपये मांगने पर जान से मारने और फर्जी गौकशी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला कबाड़ी मार्केट, मोटे महादेवन के पीछे निवासी मोहम्मद अकरम पुत्र स्व. हबीब शाह शादी-विवाह समारोह में खाना बनाने और बिरयानी का ठेला लगाने का काम करता है। उसकी पत्नी खुर्शीद घर पर परचून की दुकान चलाती है। अकरम के मुताबिक मोहल्ले के ही फरीद उर्फ पुन्ना पुत्र शकील की बहन तन्ना की शादी सात अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी समारोह में उसने हलवाई का काम किया था, जिसकी मजदूरी 15 हजार रुपये तय हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से अकरम लगातार अपनी मजदूरी के रुपये मांगता रहा, लेकिन फरीद उर्फ पुन्ना रुपये देने में टालमटोल करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे पुन्ना ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए मजदूरी के रुपये भूल जाने और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही फर्जी गौकशी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। अकरम के अनुसार धमकी मिलने के बाद उसने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के जाने के बाद पुन्ना और उसके भाई अद्दी ने कथित रूप से उसके परिवार के साथ दोबारा गाली-गलौज की। पीड़ित ने उसी रात कोतवाली में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि उसके पास फोन पर दी गई धमकी से संबंधित प्रमाण भी मौजूद हैं। उसने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

More From Author

बाढ़ पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

17 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *