फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने प्रतापगढ़ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
जिलाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा प्रतापगढ़ के ललिपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में सौरभ विश्वकर्मा के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। बताया कि सौरभ की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग देने पहुंचे थे। आरोप है कि गांव के बाहर जेठवारा थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार किया। पार्टी पदाधिकारियों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के कंधे से गमछा उतार दिया और ऊंची आवाज में बातचीत की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
