फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। ललौली थाना क्षेत्र स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों में घिर गया। बुधवार को टोल प्लाजा पर मोटर मालिकों और ट्रक चालकों ने हंगामा करते हुए टोल कर्मचारियों पर ओवरलोड के नाम पर कथित अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया।
मोटर मालिकों का आरोप है कि ओवरलोड के नाम पर ट्रक चालकों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त रकम मांगी जाती है। विरोध करने पर टोल कर्मचारियों द्वारा चालकों के साथ अभद्रता किए जाने की भी बात कही गई। मामले को लेकर मौके पर कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी रही।
मोटर मालिकों ने चेतावनी दी कि यदि कथित अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई गई तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी। उनका कहना है कि टोल प्लाजा पर आए दिन विवाद की स्थिति सामने आ रही है। इससे पूर्व भी टोल प्लाजा पर मारपीट का मामला सामने आ चुका है।
मोटर मालिकों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और टोल पर अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।
