मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने और संगठन विस्तार पर सपा का फोकस

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। संचालन जिला उपाध्यक्ष सूरजपाल रावत ने किया।
बैठक में एसआईआर के बाद प्राप्त मतदाता सूची में मिली त्रुटियों की रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष को सौंपी। इस पर सुरेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि शेष सूचियों का जल्द निस्तारण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों से प्रत्येक बूथ और सेक्टर में चौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। साथ ही समाजवादी सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और वर्तमान सरकार की नीतियों को जनता के बीच उठाने पर जोर दिया।
बैठक के मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी मजबूती से आगे बढ़ रही है। यदि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ जनता के बीच काम करेंगे तो वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
बैठक में हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्या, चेयरमैन राजकुमार मौर्या, प्रदेश सचिव जगनायक सिंह यादव,जिलामहासचिव चौधरी मंजरयार, पूर्व जिलाध्यक्ष वली उल्लाह, रामशरण यादव, समरजीत सिंह, दयालु गुप्ता, दलजीत निषाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

More From Author

प्रदर्शन मामले में बाहरियों की भूमिका की जांच तेज, सोशल मीडिया पर छात्रों ने मांगा समर्थन

थरियांव में करंट से किसान की मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *