प्रदर्शन मामले में बाहरियों की भूमिका की जांच तेज, सोशल मीडिया पर छात्रों ने मांगा समर्थन

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन के मामले में पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो न तो विद्यालय के छात्र हैं और न ही शिक्षक। प्रारंभिक जांच में आसपास के कुछ अभिभावकों, दुकानदारों तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी सामने आई है, जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
उधर, प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले छात्र अंकुर कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक आईडी बनाकर आंदोलन में शामिल छात्रों से जुड़ने और समर्थन देने की अपील की है। इस प्लेटफॉर्म से अब तक 74 लोग जुड़ चुके हैं। छात्र ने कहा है कि आंदोलन से संबंधित आगे की जानकारी इसी माध्यम से साझा की जाएगी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं छात्रों के आंदोलन का इस्तेमाल किसी राजनीतिक उद्देश्य के लिए तो नहीं किया गया।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि विद्यालय में छात्रों द्वारा विद्यालय में कुछ कमियों को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने छात्रों की मांगों के अनुरूप आवश्यक वैधानिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को किसी भी प्रकार के राजनीतिक एंगल से अलग बताते हुए कहा कि प्रदर्शन में अधिकांश नाबालिग छात्र शामिल थे। इसके बावजूद पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में छात्रों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए तत्काल कार्य शुरू करा दिए गए हैं। परिसर की साफ-सफाई कराई गई है तथा दो नए आरओ वाटर कूलर और 20 पंखे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

More From Author

पुलिस विभाग में एक ओर प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग ‘सूर्या’ को डॉग स्क्वायड में शामिल किया

मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने और संगठन विस्तार पर सपा का फोकस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *