दाढ़ी-बाल काटने में देरी पर भड़के जेई, दुकानदार की पानी सप्लाई बंद कराने का आरोप

नोटिस देकर दुकान खाली कराने की धमकी देने का भी आरोप, रोज कमाने-खाने वाले दुकानदार में दहशत
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। नगर पालिका परिषद के जलकल विभाग में तैनात अवर अभियंता (जेई) विजय कुमार पर नवीन मार्केट स्थित एक नाई की दुकान संचालक ने मनमानी और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदार का आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद तत्काल दाढ़ी-बाल न काटे जाने से नाराज जेई ने उसे नोटिस देकर दुकान खाली कराने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद दुकान में आने वाली पानी की सप्लाई भी बंद करा दी गई।
दुकानदार के मुताबिक वह रोजाना दाढ़ी-बाल काटकर परिवार का भरण-पोषण करता है। ऐसे में पानी की सप्लाई बंद होने से उसके काम पर भी असर पड़ रहा है। दुकानदार का कहना है कि जेई के रवैये से वह मानसिक रूप से परेशान है और उसे आगे भी कार्रवाई या उत्पीड़न का भय सता रहा है।
बताया जा रहा है कि नवीन मार्केट में दुकान पर जेई पहुंचे थे। उस समय दुकानदार किसी अन्य ग्राहक के काम में व्यस्त था और कुछ देर इंतजार करने की बात कही गई। इसी बात को लेकर जेई कथित रूप से नाराज हो गए। दुकानदार का आरोप है कि बाद में उसे दुकान खाली करने का नोटिस देने के साथ ही पानी की सप्लाई भी बंद करा दी गई।
मामले को लेकर दुकानदार अब अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है। उसका कहना है कि नगर पालिका की दुकान होने के बावजूद व्यक्तिगत नाराजगी के चलते उसके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई करना उसके रोजगार पर सीधा असर डाल रहा है।

More From Author

इकलौते चिराग की मौत ने फतेहपुर को झकझोरा, आखिर तेजस का कसूर क्या था?

जेल में 452 बंदियों को 668 बहनों ने बांधी राखी, भावुक हुआ माहौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *