फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिला कारागार में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान 452 बंदियों को राखी बांधने के लिए 668 बहनें जेल पहुंचीं। बहनों के साथ 225 बच्चे भी आए। लंबे समय बाद भाई-बहन के मिलन से जेल परिसर में भावुकता के साथ खुशी का माहौल देखने को मिला।
जेल अधीक्षक नागेश सिंह ने बताया कि बाहर से आने वाले मुलाकातियों की सुविधा के लिए कारागार प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। परिसर में साफ-सफाई के साथ टेंट, बैठने के लिए कुर्सियां, पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई। चिकित्सीय आकस्मिकता को देखते हुए चिकित्सा टीम भी मौके पर मौजूद रही।
बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनका मुंह मीठा कराया। कारागार प्रशासन की ओर से भी बंदियों और उनके परिजनों के लिए तिलक सामग्री, राखी और मिष्ठान नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया। इस दौरान बंदी, उनकी बहनें और बच्चे काफी खुश नजर आए।
जेल अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जेल कर्मियों के साथ जिला पुलिस का भी सराहनीय योगदान रहा।
