मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद के दौरान की घोषणा, पुलिस और ग्रामीणों के बीच अहम कड़ी के रूप में चौकीदारों की भूमिका को सराहा
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। ग्राम चौकीदारों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मासिक मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके बाद अब ग्राम चौकीदारों को 2500 रुपये के स्थान पर 3500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। मानदेय में हुई इस वृद्धि को ग्राम चौकीदारों के कार्यों और जिम्मेदारियों के प्रति सम्मान बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित परेड ग्राउंड में ग्राम चौकीदारों के लिए मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के ग्राम चौकीदार वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री के संवाद से जुड़े। कार्यक्रम में चौकीदारों को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से मानदेय बढ़ाने की घोषणा से चौकीदारों में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस को जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराने में ग्राम चौकीदारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। ग्राम चौकीदार गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी, आपसी विवादों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने का काम करते हैं। ग्रामीण परिवेश की जानकारी होने के कारण वे स्थानीय स्तर पर पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सहयोगी साबित होते हैं।ग्राम चौकीदार पुलिस और ग्रामीणों के बीच संपर्क सूत्र के रूप में भी कार्य करते हैं। गांवों में किसी घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तक सूचना पहुंचाने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थानीय परिस्थितियों से अधिकारियों को अवगत कराने में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में मानदेय में बढ़ोतरी को उनके योगदान को प्रोत्साहित करने और जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मान देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्राम चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आपसी तालमेल और समय पर सूचनाओं के आदान-प्रदान को आवश्यक बताया। इस अवसर पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी यातायात समेत अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
