800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया आगाज, विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहपुर में मंगलवार को 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर एकता एवं शांति का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका अलका गौड़ ने बैच एवं कैप अलंकरण कर उन्हें सम्मानित किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहपुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं, भोला सिंह जिला क्रीड़ा सचिव एवं प्रदीप सिंह चौहान की अगुवाई में एनसीसी और स्काउट की टुकड़ी ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और मिल-जुलकर कार्य करने की भावना विकसित करते हैं।प्रतियोगिता के सब जूनियर बालक वर्ग की 600 और 400 मीटर दौड़ में लक्ष्य, कंपोजिट स्कूल जहानाबाद देवमई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में पंडित दयाशंकर इंटर कॉलेज भैंसोली के योगेंद्र कुमार प्रथम रहे। सब जूनियर बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में ज्ञानदीप जहानाबाद देवमई की वर्षा, 400 मीटर दौड़ में मिश्रीलाल मेवालाल इंटर कॉलेज रनूपुर की आकांक्षा और 100 मीटर दौड़ में शहीद माल्या देवमई की कशिश ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में सर्वोदय इंटर कॉलेज असोथर की संध्या, 100 मीटर दौड़ में जनता इंटर कॉलेज छिवलहा की रोशनी देवी और लंबी कूद में गांधी इंटर कॉलेज जहानाबाद की नैंसी प्रथम रहीं। जूनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज खजुहा के अर्पित, 100 मीटर दौड़ में विवेकानंद इंटर कॉलेज देवमई के मयंक और गोला फेंक में आश्रम पं. खासमऊ के आयुष ने पहला स्थान प्राप्त किया।
सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में ग्राम्य दर्शन इंटर कॉलेज कल्यानपुर कचरौली के राजनारायण, 100 मीटर दौड़ में एसएमबी इंटर कॉलेज राधानगर के शुभम पाल, लंबी कूद में धाता इंटर कॉलेज धाता के छविनाथ सिंह और गोला फेंक में इंटर कॉलेज विजयीपुर के हिमांशु सिंह प्रथम रहे। सीनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर और 400 मीटर दौड़ में इंटर कॉलेज विजयीपुर की आंचल सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में पंडित दयाराम भैंसोली की राधा देवी और लंबी कूद में आद्यशरण इंटर कॉलेज जहानाबाद की आरती गुप्ता ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के विभिन्न परिणाम घोषित होने के बाद सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश, रेवाड़ी के प्रधानाचार्य कमल सिंह चौहान और सर्वोदय इंटर कॉलेज असोथर के प्रधानाचार्य संतोष सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य, रेल बाजार इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराम, जिला व्यायाम शिक्षक दिलीप कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा सिंह सहित कमाल अहमद, हरिशंकर, अतुल सिंह, मृदुल शुक्ला, शैलेंद्र तिवारी, विजयकरण श्रीवास, विक्रम सिंह, मनोज कुमार, आलोक सिंह, महेंद्र सिंह समेत अन्य व्यायाम शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
