पहले स्थान पर स्कूटी और 100 फीसदी फीस माफी, अन्य स्थानों के विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्मार्टफोन व स्मार्टवॉच
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल ने शैक्षिक सत्र 2027-2028 के लिए ‘जोश जयपुरिया ओपन स्कॉलर हंट’ छात्रवृत्ति कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस योजना के तहत कक्षा आठ और दस के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं प्रदर्शन के आधार पर छात्रवृत्ति के साथ आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्कूटी और 100 फीसदी फीस माफी दी जाएगी। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल डायरेक्टर जीपी मिश्र, प्रधानाचार्य मलवा सिजो वर्गीस, उर्वशी पांडे, हर्ष सिंह परिहार, जरीना अंजुम और देवेंद्र सिंह भदौरिया ने किया। इस दौरान छात्रवृत्ति कार्यक्रम की रूपरेखा और विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
योजना के तहत दूसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को लैपटॉप के साथ 90 फीसदी फीस माफी तथा तीसरे स्थान के विद्यार्थी को लैपटॉप और 80 फीसदी फीस माफी दी जाएगी। चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को स्मार्टफोन के साथ 70 और 60 फीसदी फीस में छूट मिलेगी। वहीं, छठे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को स्मार्टवॉच और 50 फीसदी फीस माफी का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा, 11वें स्थान से आगे क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को आठ हजार रुपये के गिफ्ट कूपन प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर एडिशनल डायरेक्टर जीपी मिश्र ने कहा कि छात्रवृत्ति कार्यक्रम विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों को पहचानने का माध्यम है। इससे मेधावी विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और वे बेहतर शैक्षिक भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है।
