प्रेम नगर में चुनावी हलचल तेज, पूर्व मंत्री का जोरदार स्वागत

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के थाना सुल्तानपुर घोष अंतर्गत प्रेम नगर कस्बे में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रविवार को नूरी मस्जिद के पास इश्तियाक बेग उर्फ भुट्टू भाई के मार्केट में समर्थकों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह का समर्थकों ने 51 किलो गुलाब के फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इश्तियाक बेग के नेतृत्व में आयोजित बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने पूर्व मंत्री को चुनाव में तन-मन-धन से सहयोग देने की बात कही और उन्हें पुनः विधायक बनाने का संकल्प जताया।
पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह मंत्री या विधायक रहें अथवा न रहें, क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रत्येक कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य है। उन्होंने समर्थकों से संवाद करते हुए क्षेत्र के लोगों से निरंतर जुड़े रहने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान प्रेम नगर कस्बे में समर्थकों ने नारेबाजी की। पूर्व मंत्री का काफिला कस्बे से गुजरा तो बड़ी संख्या में लोग उनके साथ चलते नजर आए। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने पूर्व मंत्री से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस मौके पर हथगांव मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू, अल्लीपुर मंडल अध्यक्ष राजा सिंह, पलिया से पिंटू गुप्ता, बबलू सिंह, धनका के पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, तिजुरा प्रधान नदीम, अफोई से संतोष द्विवेदी, मोहम्मद यूसुफ, मुन्ना भाई, पप्पू कुरैशी, नबी सलमानी, महमूद कुरैशी, डॉ. हसीन अंसारी प्रधान सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के हजारों लोगों की उपस्थिति रही।

More From Author

नवनियुक्त 19 ग्राम पंचायत अधिकारियों की टीम लखनऊ रवाना

SIR विवाद पर कांग्रेस का हल्लाबोल, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *