फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए जनपद फतेहपुर से चयनित 19 नव नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों की टीम शनिवार को लखनऊ के लिए रवाना हुई। जिला पंचायत राज अधिकारी राम शंकर वर्मा ने शाम करीब चार बजे विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
पंचायती राज विभाग की ओर से विशेष रूप से व्यवस्थित वाहन संख्या यूपी 78 के.टी 2796 पर मुख्यमंत्री द्वारा नव नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का बैनर लगा कर रवाना किया गया। इस दौरान डीपीआरओ राम शंकर वर्मा ने बताया कि जनपद से कुल 19 अभ्यर्थियों का ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर चयन हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थी 28 सितंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नियुक्ति पत्र प्राप्त करेंगे। टीम के वाहन प्रभारी/नोडल अधिकारी एवं अध्यक्ष रघुवेन्द्र सिंह तथा ग्राम पंचायत अधिकारी अर्चना सिंह को बनाया गया है। टीम में मोहित सिंह, अतुल कुमार मिश्रा, शिप्रा सचान, दिव्यांशी समेत कुल 19 सदस्य शामिल हैं। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद सभी नव नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों का जनपद में सम्मान भी किया जाएगा।
