कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेसियों ने निकाला विरोध मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच चल रहे विवाद के बीच सोमवार को फतेहपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में कई सैकड़ा कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क से विद्यार्थी चौराहा होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आरोप लगाया कि मौजूदा राजनीतिक स्थितियों में चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सामने अब सब कुछ स्पष्ट हो चुका है और आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने में ज्ञानेश कुमार की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रकार जनता नहीं, बल्कि ज्ञानेश कुमार बना रहे हैं। शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि यदि देश बर्बादी की कगार पर पहुंचा है तो इसके लिए ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनमत के मूल्य को नगण्य करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को सर्वोपरि किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को लेकर जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देशभर में कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के तहत फतेहपुर में भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शेख एजाज अहमद, संतोष कुमारी शुक्ला, प्रकाश पांडेय, शिवाकांत तिवारी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, राजेंद्र लोधी, राजीव लोचन निषाद, ओम प्रकाश कोरी, राम नरेश महराज, मनोज घायल, नरेंद्र सिंह रिक्की, मोहित मिश्रा, आदित्य श्रीवास्तव, अरुण जायसवाल, नौसाद अहमद, शकीला बानो, पप्पी राजपूत, नीलम द्विवेदी, निशा गुप्ता, मो. हफीज, आफताब अहमद, मो. इस्माइल, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, चौ. मोइन राइन, राजन तिवारी, मोहसिन खान, इमरान सिद्दीकी, निजामुद्दीन, नवनीत तिवारी, सलीम शेख, इंद्रजीत लोधी, मो. कासिम, अमीरुल जमा खान, असगर अली, नाजिन, अब्दुल रज्जाक, अतुल पासवान, अकरम काले, मो. चांद, हम्माद हुसैन, मो. नाजिम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
