सीवर लाइन के कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, कहा- मानकविहीन कार्य से बिगड़ेगी शहरवासियों की स्थिति
फतेहपुर(वंदना टाइम्स)। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध को लेकर गंभीर आरोप लगाए। सोमवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि आजाद भारत में इससे अधिक भ्रष्ट सरकार कभी नहीं रही। उन्होंने शहर में डाली जा रही सीवर लाइन के कार्य को मानकविहीन बताते हुए इसकी जांच और गुणवत्ता की निगरानी की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शहर में सीवर लाइन बिछाने के दौरान पाइप मानकों के विपरीत डाले जा रहे हैं और कई स्थानों पर बिना उचित लेवलिंग के कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस कार्य को नहीं रोका गया तो आने वाले समय में शहरवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टेंडर गुजराती लोगों के पास है। कहा कि कार्य बंद न हुआ तो समाजवादी पार्टी बड़े पैमाने पर इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से बिजली नहीं मिल रही है। बारिश के कारण गांवों में खेत जलमग्न हैं और कच्चे मकान गिर रहे हैं, ऐसे प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा दिया जाना चाहिए। खाद के लिए किसानों को कई-कई दिन लाइन में लगना पड़ रहा है। आवास योजना में अपात्र लोगों को पैसे लेकर लाभ दिए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पात्र लोग अब भी भटक रहे हैं। सुरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि तहसील और थाने भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं और बिना रिश्वत के काम नहीं होता। उन्होंने अन्ना पशुओं की समस्या, हर घर जल योजना और गांवों में सड़कों की दुर्दशा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई कई सड़कों की दोबारा मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे आवागमन प्रभावित है। पानी की टंकियों के निर्माण को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कई टंकियां अब तक पूरी नहीं हुई हैं और जो बनी हैं, उनमें कुछ गिर चुकी हैं या केवल दिखावे के लिए खड़ी हैं। भर्तियों में पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इन वर्गों के पद स्वजातीय लोगों को बांटकर उनके हक को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा रोजगार को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाए और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के संबंध में दिए गए बयानों का जिक्र किया। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पीडीए समाज को वर्ष 2027 का इंतजार है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज अपने हक-अधिकार, रोजगार, व्यापार, मुफ्त शिक्षा, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 40 हजार रुपये तथा सभी को मुफ्त इलाज जैसे मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि थानों और तहसीलों से भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए पीडीए की सरकार बनाने तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार, डॉ. राम नरेश पटेल, वरिष्ठ नेता हीरा लाल निषाद, मनोज यादव, सलमान अहमद, हीरा लाल साहू, वीरेंद्र तिवारी, नंद किशोर पाल, आशीष नामदेव, सुहैल खान, राम दुलारे पासवान, रामफल यादव, शैलेंद्र मिश्रा राजू, घनश्याम लोधी, मोती लाल निषाद, बादल प्रजापति, शिव सिंह यादव, विमल निषाद, प्रकाश यादव, मोनू निषाद आदि मौजूद रहे।
