निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर डीएम सख्त, पासी बाबा मंदिर व गौशाला का किया निरीक्षण

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने मंगलवार को तहसील बिंदकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेरिला सिजौली स्थित प्राचीन पासी बाबा मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि सामग्री की जांच आईआईटी कानपुर से कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से कराया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मलवा विकास खंड के महरहा गांव स्थित गौ-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंशों के लिए हरे चारे, भूसा, दाना, चोकर आदि की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विजिटिंग रजिस्टर तथा अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गौवंशों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई जाए तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण समय से पूरा कराया जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए गौवंशों को सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी उन्होंने खंड विकास अधिकारी को दिए। साथ ही गौशाला में हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था के लिए पशुचर भूमि को संबद्ध कर वहां चारे की बुआई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, खंड विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

आवास दिलाने के नाम पर लाखों की वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

चहल्लुम जुलूसों पर ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *