महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत रैली निकाली गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। वह स्वयं भी रैली में शामिल हुईं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
डीएम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन, पुलिस विभाग और वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न माध्यमों से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जागरूकता रैली के अलावा गोष्ठियों, स्कूटी रैली और अन्य कार्यक्रमों के जरिए महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, महिला पुलिसकर्मी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बालिकाएं मौजूद रहीं।
