पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, साथी फरार

फतेहपुर(वी.टी)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के  तहत आज भोर पहर थाना कल्याणपुर पुलिस और शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त शाहनवाज उर्फ साहिल के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी फिरोज मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार थाना कल्याणपुर क्षेत्र के बिंदकी रोड स्थित दादन खेड़ा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं उसका साथी फिरोज निवासी ग्राम करारी, थाना करारी, जनपद कौशांबी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो, एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त थाना कल्याणपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 131/2026 एवं 136/2026, धारा 123 एवं 303(2) बीएनएस में वांछित था। शाहनवाज उर्फ साहिल एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध फतेहपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। घायल अभियुक्त का उपचार कराया जा रहा है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

फतेहपुर में थाना प्रभारियों की तैनाती पर सियासी चर्चा, जातीय संतुलन को लेकर उठे सवाल

“हर घर जल”योजना फतेहपुर में पटरी से उतरी, आधे-अधूरे कार्य से ग्रामीण परेशान!!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *