सवाल तो पूछेंगे❓———————👉
“हर घर जल”योजना फतेहपुर में पटरी से उतरी, आधे-अधूरे कार्य से ग्रामीण परेशान!!👉2019 में शुरू हुई महत्वाकांक्षी योजना अब तक अधूरी, कई गांवों में न पानी पहुंचा और न ही पूरी हुई पाइपलाइन!!
फतेहपुर (Vandana Times): ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में शुरू की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल’ (जल जीवन मिशन) योजना जनपद फतेहपुर में अपने मूल उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है।
योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही, अधूरे निर्माण कार्य और बदइंतजामी के कारण हजारों ग्रामीण आज भी शुद्ध पेयजल से वंचित हैं।करीब 30 लाख की आबादी वाले जनपद में 15 अगस्त 2019 को योजना लागू होने के बाद वर्ष 2024 तक हर घर नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन शुरुआती चरण से ही योजना विभिन्न कारणों से प्रभावित होती रही। कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने और अन्य कार्य अधूरे छोड़ दिए गए, जिससे योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच सका।जहानाबाद क्षेत्र के जाफरपुर सिठर्रा गांव में हालात चिंताजनक बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन गुणवत्ता के अनुरूप नहीं बिछाई गई। जगह-जगह लीकेज होने से सड़कों पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इसके बावजूद घरों तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है।इसी तरह ऐरायां विकासखंड के ओमाहा गांव, जो भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह की जन्मस्थली है, वहां भी योजना अधूरी पड़ी हुई है
ग्रामीणों के अनुसार बोरिंग होने के बाद कार्य बंद हो गया और लंबे समय से न तो निर्माण कार्य आगे बढ़ा और न ही संबंधित अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे।विभागीय सूत्रों के अनुसार जनपद में योजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है। बताया जा रहा है कि धनराशि के अभाव में कई परियोजनाएं रोक दी गई थीं। विभाग का दावा है कि बजट उपलब्ध होने के बाद कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा तथा वर्ष 2028 तक योजना पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।हालांकि बड़ा सवाल यह है कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कें खोद दी गईं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और बोरिंग भी कर दी गई, वहां आज तक लोगों को शुद्ध पेयजल क्यों नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन में हुई लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने की मांग ग्रामीणों द्वारा उठाई जा रही है।
✍️ नागेंद्र सिंह अध्यक्ष फतेहपुर प्रेस क्लब
