फतेहपुर(वी.टी)। कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर की रहने वाली 80 वर्षीय वृद्ध बेवा ने तीन पुत्रों व बहुओं पर प्रताड़ना धोखाधड़ी एवं भय व्याप्त करने का आरोप लगाते हुए जान माल की सुरक्षा की एसपी से गुहार लगाई है।
सदर तहसील के सभागार में आयोजित समाधान दिवस में पहुंची पीड़ित बेवा ने एडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि इरशाद खान, बाबू खान एवं सोहराब खान तथा बहुओं ने छल पूर्वक नजर बंद कर लिया और दूसरे पुत्रों लल्लू खान इमरान खान एवं पुत्रियों वसीमा व शमीमा से मिलने नहीं दिया गया। पुत्र इमरान ने क्षेत्राधिकार नगर के हस्तक्षेप से पीड़िता को मुक्त करवाया। पीड़िता ने शिकायती पत्र के माध्यम से आरोपित पुत्रों और बहुओं के ऊपर जालसाजी से पूरी संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया। और अपने बेटों के खिलाफ धोखाधड़ी कूट रचना एवं अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोपियों द्वारा समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। बार-बार अन्य परिजनों को धमकी दी जा रही है और भय का माहौल बनाया जा रहा है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद क्षेत्रीय पुलिस द्वारा कुछ नहीं किया जा रहा। पीड़ित महिला ने आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर गिरफ्तारी सुनिश्चित कराए जाने के साथ न्याय दिलाए जाने की मांग की है।
