यातायात माह का शुभारंभ, डीएम-एसपी ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली, पूरे नवंबर माह चलेगा जागरूकता और प्रवर्तन अभियान

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले में रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ तामेश्वर चौराहा स्थित नंदी चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी ने एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की अपील की गई। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूरे नवंबर माह में यातायात जागरूकता और प्रवर्तन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, विभिन्न संगठनों, ईंट भट्ठा एसोसिएशनों और यातायात से जुड़े अन्य लोगों के साथ बैठकें कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना है।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीओ नगर गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ दुर्गेशदीप, आरटीओ प्रतीक मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, समाजसेवी अशोक तपस्वी, बस एसोसिएशन अध्यक्ष फरहाद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

More From Author

21 और 22 नवंबर को फतेहपुर में होगी द्वितीय ताइक्वांडो कप स्टेट चैंपियनशिप

शिल्पी नूतन राष्ट्र के थे सरदार पटेल, रियासतों का देश में करवाया था मेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *