कोरई गांव के पास ब्रेक और स्टीयरिंग फेल होने से हादसा
डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोरई गांव के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे ब्रेक और स्टीयरिंग फेल होने से एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पिकअप सवार 29 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सात घायलों को सिर में गंभीर चोट लगने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कोरई गांव के लोग पिकअप संख्या यूपी-71 बीटी-5211 से जनपद प्रतापगढ़ स्थित मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। कोरई गांव के पास पहुंचते ही चालक के मुताबिक अचानक वाहन का ब्रेक और स्टीयरिंग काम करना बंद कर गया। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बिंदकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने सात घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया।मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार अन्य घायलों को हल्की चोट आई है उनका उपचार किया जा है। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से बातचीत कर उनके उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कानपुर रेफर किए गए घायलों के उपचार के लिए वहां के चिकित्सकों से भी समन्वय स्थापित किया गया है। पिकअप के मालिक और चालक साहिल भी हादसे में घायल हुए हैं।चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन चलाते समय अचानक ब्रेक और स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया था। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह वाहन के तकनीकी परीक्षण और घटनास्थल की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
