जीआरपी एसपी प्रशांत कुमार का फतेहपुर जीआरपी थाने पर औचक निरीक्षण, महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
फतेहपुर। जीआरपी एसपी प्रशांत कुमार ने मंगलवार को फतेहपुर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाने में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े आपराधिक मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जीआरपी एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों से भी संवाद किया और उनकी कार्य परिस्थितियों तथा थाने में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही थाने में मौजूद व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड रखरखाव और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की भी समीक्षा की।
एसपी प्रशांत कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और आम जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उनके निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सतर्कता और अनुशासन का संदेश गया।
