पति से विवाद के बाद मां ने खुद और दो मासूम बेटों को खिलाया जहर, 4 वर्षीय बेटे की मौत

“जाफरगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव की घटना, मां और एक वर्षीय पुत्र की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर”
फतेहपुर। जनपद के जाफरगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। धौरहरा गांव में पति से विवाद के बाद एक महिला ने कथित रूप से स्वयं जहरीला पदार्थ खा लिया और अपने दो मासूम बेटों को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया। इस दर्दनाक घटना में चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला और उसका एक वर्षीय पुत्र गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार धौरहरा गांव निवासी राजरानी (30 वर्ष) पत्नी रज्जन का किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद राजरानी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया तथा अपने दो पुत्रों छोटू (4 वर्ष) और सौरभ (1 वर्ष) को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने चार वर्षीय छोटू को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजरानी और उसके एक वर्षीय पुत्र सौरभ की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

More From Author

जीआरपी एसपी प्रशांत कुमार का फतेहपुर जीआरपी थाने पर औचक निरीक्षण, महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *