सवाल तो पूछेंगे❓
👉फतेहपुर जनपद खनन माफियाओं के लिए बना अवैध कमाई का अड्डा!!
👉यमुना नदी में अस्थाई पुल बनाकर किया जा रहा है खनन!!
👉यमुना नदी में अस्थाई पुल का निर्माण, ट्रैकों में ओवरलोड यमुना बालू ,यमुना नदी की बीच धारा से मौरंग निकालने जैसे सभी अवैध काम माफियाओं द्वारा किये जा रहे हो और खनन विभाग को कानों कान खबर ना हो यह बात हजम हो पाना काफी मुश्किल है। जानकर अनजान बनने वाला खनन विभाग सरकार को चूना लगाने में किसी भी कीमत पर पीछे नहीं है इतना ही नहीं आम लोगों की जिंदगी से होने वाले खिलवाड़ को भी नहीं रोक पा रहा है।
फतेहपुर जनपद में इन दिनों यमुना नदी से आधा दर्जन से अधिक स्थानो पर मौरंग खनन का काम हो रहा है। जहां नियमों का पालन तो नहीं मगर सारे नियमों को बलाए ताक रख कर खनन से करोड़ रुपए की हेरा फेरी जरूर की जा रही है। जिससे प्रदेश सरकार को प्रति वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अवैध तरीके से होने वाले खनन के अलावा ओवरलोड बालू से भरे ट्रको का सड़को से निकलना आम लोगों के लिए हर समय चिंता का विषय बना रहता है। ऐसे ओवरलोड वाहनों की चपेट में आकर आए दिन नागरिक दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं। जिसमें कई लोग तो मौत को भी गले लगा चुके हैं और तमाम लोग अपने हाथ पैर भी गवा बैठे हैं। होने वाली दुर्घटनाओं के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर आए दिन नजर आता रहता है। मगर माफियाओं के आगे खनन विभाग हो या फिर पुलिस सभी घुटने टेकते नजर आते हैं। कहीं पैसों का असर तो कहीं सत्ता का बल इन विभागों पर साफ दिखाई देता है।
यदि हम यहां अड़ावल-11 की बात करें तो खनन माफियाओं ने यमुना नदी में बालू निकालने को लेकर अस्थाई पुल का निर्माण कर लिया है जो खनन नियमों के विपरीत हैं। एनजीटीका खुला उल्लंघन भी है। अवैध कमाई माफियाओं की हो या फिर खनन के नियमों का पालन कराने वाले विभागो की ऐसी कमाई सभी को अच्छी लगती है। जिसका असर जनपद में यमुना नदी से होने वाले बालू खनन में दिखाई दे रही है।
सवाल जिला प्रशासन और खनन विभाग के साथ पुलिस विभाग से पूछा जाना चाहिए की जब खुलेआम खनन माफिया यमुना नदी से होने वाले खनन में नियमों का उल्लंघन व एनजीटी के नियमों का पालन नहीं कर रहे तो फिर इन पर होने वाली कार्रवाई पर सभी विभाग कंजूसी क्यों बरत रहे हैं। ओवरलोड वाहन जो मौत बनकर सड़क पर दौड़ रहे हैं उन पर मेहरबानी क्यों की जा रही है।
✍️ नागेंद्र सिंह अध्यक्ष फतेहपुर प्रेस क्लब
