बहादुर पाल नर्सिंग होम में लापरवाही से प्रसूता की मौत परिजनों का हंगामा, अस्पताल सीज

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बेटे को जन्म देने वाली महिला की आबू नगर मोहल्ले स्थित बहादुर पाल नर्सिंग होम में कथित लापरवाही से मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर मौके पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने देर शाम अस्पताल को सीज कर दिया।
परिजनों के अनुसार गाजीपुर कस्बे के मखदूमपुर गांव की रहने वाली पूनम देवी पत्नी अनूप कुमार नामक महिला ने मंगलवार को नर्सिंग होम में बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे खून चढ़ाया गया। आरोप है कि खून चढ़ाने के बाद ही महिला की तबियत अचानक और अधिक खराब हो गई। महिला की हालत खराब देख अस्पताल संचालक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पूनम देवी की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गयी। मौके पहुंचे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभाकांत सिंह ने जांच के बाद बहादुर पाल नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है।

More From Author

रेखा मिश्रा के पति पर मुकदमों से भाजपा की बढ़ी मुश्किलें, नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल

किसान संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *