आबादी से सटे अंत्येष्टि स्थल के निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। खागा तहसील क्षेत्र के विजयीपुर ब्लॉक की ग्राम सभा एकडला में गाटा संख्या 188 पर प्रस्तावित अंत्येष्टि स्थल के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर प्रस्तावित स्थल को आबादी से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गाटा संख्या 188 आबादी से सटा होने के साथ ही मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है। इस मार्ग से आसपास के करीब 50 गांवों के लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में आबादी और प्रमुख आवागमन वाले मार्ग के समीप अंत्येष्टि स्थल बनाए जाने से आसपास रहने वाले लोगों को असुविधा होने के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा में यमुना नदी के किनारे करीब 20-25 वर्षों से अंत्येष्टि स्थल पहले से संचालित है। उनका कहना है कि जब पुराना स्थल मौजूद है तो नए स्थान पर निर्माण कराने के बजाय पूर्व से संचालित अंत्येष्टि स्थल का उपयोग किया जाना उचित होगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर आबादी से सटे प्रस्तावित स्थल पर निर्माण कार्य न कराते हुए अंत्येष्टि स्थल को आबादी से दूर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र देने के दौरान रामबाबू, ज्ञानचंद, लालचंद, शकुंतला, जितेंद्र कुमार, प्रमोद सोनकर, राजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, छेदीलाल, संगीता, साधना देवी, गुलाबी देवी समेत करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण मौजूद रहे।

More From Author

NHM संविदाकर्मियों ने काली पट्टी बांधकर शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन

सहन भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप, डीएम से शिकायत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *