NHM संविदाकर्मियों ने काली पट्टी बांधकर शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। वर्षों से लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा एवं आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सोमवार से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी। आंदोलन के पहले चरण में जनपद के कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप पटेल एवं NHM के जिला महामंत्री शिव प्रताप सिंह के आह्वान पर जिले के समस्त NHM स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं आउटसोर्स कर्मियों ने आंदोलन में सहभागिता की। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर मुख्यमंत्री कार्यालय, स्वास्थ्य मंत्री, एमडी एनएचएम सहित सभी जिलों के जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्साधिकारियों एवं अधीक्षकों को पूर्व में ज्ञापन के माध्यम से सूचना दी जा चुकी है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा वर्तमान वेतन में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, डीए, एचआरए, ईपीएफ एवं ग्रेच्युटी का लाभ, रिक्त पदों पर स्थानांतरण और अनुकंपा नियुक्ति शामिल हैं। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों का डीएचएस में समायोजन तथा नियमित पदों पर होने वाली भर्तियों में 25 प्रतिशत वेटेज दिए जाने की मांग भी प्रमुख है।
कर्मचारियों ने बताया कि मांगों को लेकर प्रदेशभर में पांच अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। फतेहपुर में भी आंदोलन के प्रथम चरण के तहत कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।

More From Author

मनरेगा मजदूरों की चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

आबादी से सटे अंत्येष्टि स्थल के निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *