फतेहपुर। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने जनसंख्या, गौहत्या और प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “जनसंख्या बढ़ना अच्छी बात है, जितना भगवान बढ़ाएं उतना अच्छा है, लेकिन सत्ता में नाकाबिल लोग बैठे हैं जो ज्यादा बच्चों को रोजगार नहीं दे पा रहे हैं।”
उन्होंने गोरक्ष पीठ और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “गोरक्ष पीठ वाले महंत के समय में लगातार गौ हत्याएं हो रही हैं, लेकिन गाय को न्याय नहीं मिल रहा। मुख्यमंत्री कैमरे के सामने कहते हैं कि गाय सुरक्षित है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है।”
शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रचार में जनता फंस जाती है और जो लोग गायों की स्थिति पर सच्चाई बोलते हैं, उनके मुंह बंद करने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभाओं में “गोविष्ट यात्रा” निकाली जा रही है। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र के तांबेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को संबोधित किया और गौ संरक्षण को लेकर जागरूक होने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।
