स्टेशन पर शर्मनाक वारदात, एसी कोच से बेडशीट-तकिया चोरी करते वर्दीधारी सिपाही पकड़ा गया
फतेहपुर(वी.टी)। रेलवे स्टेशन पर एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से बेडशीट और तकिया चोरी करते हुए एक वर्दीधारी सिपाही को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।मामले की सूचना मिलते ही आरोपी सिपाही को कानपुर ले जाया गया जहां उसे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी सिपाही अधिकारियों से माफी मांगते हुए “साहब माफ कर दो” कहते नजर आ रहा है।घटना सामने आने के बाद पुलिस वर्दी की साख पर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे संपत्ति की चोरी को लेकर लोगों में नाराजगी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
